राजस्व संग्रहण एवं राजस्व विभाग से जुड़े मामलों की विभागीय समीक्षा बैठक में दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश
खूँटी: समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को राजस्व संग्रहण, राजस्व विभाग एवं भू-अर्जन से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक अपर समाहर्ता परमेश्वर मुण्डा की अध्यक्षता में हुई। इसमें अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री दीपेश कुमारी, डीसीएलआर अरविंद कुमार सहित संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं सभी अंचलाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में खनन, परिवहन, उत्पाद, नगर पंचायत, मत्स्य, अवर निबंधक, श्रम, राजस्व समेत अन्य विभागों द्वारा किए गए राजस्व संग्रहण की मासिक प्रतिवेदन की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित विभागों से उनके वार्षिक लक्ष्य एवं विगत माह के प्रदर्शन की जानकारी ली गई। बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी विभाग अपने निर्धारित वार्षिक राजस्व संग्रहण लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने की दिशा में ठोस प्रयास सुनिश्चित करें।
राजस्व विभाग के अंतर्गत भू-लगान एवं सेस संग्रहण प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गई। इस क्रम में सभी अंचल अधिकारियों को अपने दायित्वों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
दाखिल-खारिज के मामलों की भी विशेष रूप से समीक्षा की गई, जिसमें स्पष्ट निर्देश दिया गया कि कोई भी मामला निर्धारित समय सीमा से बाहर लंबित न रहे। इसके अलावे सक्सेसन म्यूटेशन, परिशोधन ग्रीवांस, सर्टिफिकेट केस, अवैध जमाबंदी समेत अन्य की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए, राजस्व से संबंधित कार्यों को गति देने तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।



