सांसद कालीचरण मुंडा ने किया जेनालोंग स्कूल भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास
कुचाई : खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा ने शुक्रवार को कुचाई प्रखंड के सुदूरवर्ती पहाड़ी क्षेत्र में बसे जेनालोंग गांव में उत्क्रमित मध्य विद्यालय में भवन विस्तार से जुड़ी योजना का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में सांसद के साथ कुचाई जिला परिषद सदस्य झींगी हेम्ब्रम भी मौजूद रहीं।

श्री मुंडा ने विद्यालय परिसर में नारियल फोड़कर और शिलापट्ट का अनावरण कर दो अतिरिक्त कक्षाओं, कार्यालय कक्ष और सीढ़ी निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। यह योजना जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट मद से पूरी की जाएगी।
शिक्षा मनुष्य के लिए बहुत जरूरी है – कालीचरण मुंडा
शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि विद्यालयों में भवन की कमी को दूर करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। ताकि छात्रों को पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न हो और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा के बिना मनुष्य पशु के समान है। इसलिए शिक्षा का प्रसार ही हमारी प्राथमिकता है।

इसके पश्चात सांसद कालीचरण मुंडा पोंडाकाटा और छोटाचाकड़ी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने प्रभु जगन्नाथ के मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने क्षेत्रवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि छोटराय किस्कू, मानसिंह मुंडा, खरसावां प्रखंड अध्यक्ष कोंदो कुंभकार, गोमियाडीह पंचायत के मुखिया मंगल सिंह मुंडा, शंकर लोवादा, सुमित महतो, बनवारी लाल सोय, कुशल सामड, मुजाहिद खान, रावण सुम्बरूई सहित कई ग्रामीण व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।



