नागरमल मोदी सेवा सदन का निशुल्क हड्डी रोग शिविर, 40 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ

रांची: नागरमल मोदी सेवा सदन की ओर से रविवार को कडरू स्थित सरना भवन, सरना टोली में जरूरतमंद लोगों के लिए विशेष निशुल्क हड्डी रोग उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मरीजों को हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श, दवाएं तथा आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।

शिविर में चिकित्सक डॉ. तन्मय सिन्हा और डॉ. जय पलक ने अपनी सेवाएं देते हुए मरीजों की जांच की और उन्हें उचित उपचार संबंधी सलाह दी। जरूरतमंद मरीजों को कमर की बेल्ट, गर्दन की कॉलर (नेक कॉलर) और घुटनों के कैप भी निःशुल्क वितरित किए गए।

शिविर के संयोजक आलोक तुलस्यान ने बताया कि यह शिविर प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें 40 से अधिक मरीजों ने लाभ उठाया। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से इस तरह के सेवा कार्य आगे भी जारी रहेंगे।

शिविर को सफल बनाने में समाजसेवी अजय भंडारी, अरुण चावला, गोविंद मोदी, विनोद तुलस्यान और आदित्य लखोटिया सहित कई लोगों ने सक्रिय सहयोग दिया। आयोजकों ने सभी सहयोगियों और चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *