रांची नगर निगम महापौर चुनाव को लेकर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया युवाओं और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद
रांची के नामकुम क्षेत्र में आयोजित संगठनात्मक बैठक में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कार्यकर्ताओं और युवाओं के साथ विस्तृत संवाद किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य रांची नगर निकाय चुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति को मजबूत करना और महापौर पद की उम्मीदवार रमा खलको के समर्थन में जनसंपर्क अभियान को गति देना था।
बैठक में घर-घर जाकर संपर्क अभियान चलाने, प्रत्येक मतदाता तक विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने तथा बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि चुनाव केवल एक पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह रांची के भविष्य और उसके विकास की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा, ऊर्जा और समर्पण के साथ जनता के बीच जाएं और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें।
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने शहरी विकास, आधारभूत संरचना, स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इन उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से भी सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही परिवर्तन की असली ताकत है।
मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत से रमा खलको भारी मतों से विजयी होंगी। उन्होंने कहा कि यदि समर्पित और विकासोन्मुख नेतृत्व को अवसर मिलता है, तो रांची के समग्र विकास का नया अध्याय शुरू होगा और शहर को स्वच्छ, सशक्त एवं विकसित बनाने का संकल्प साकार होगा।



