गांधी आश्रम शोभानपुर में आयोजित सभा में बोले विधान परिषद सदस्य: “गांधी विचारों पर हो रहे हमले

भागलपुर। गांधी आश्रम, शोभानपुर में सोमवार को एक सार्वजनिक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. समीर कुमार सिंह का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार ने की, जबकि आश्रम के संस्थापक डॉ. मनोज मीता ने अतिथि को गांधी प्रतिमा, अंगवस्त्र और गांधी पर आधारित पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया।

सभा के दौरान डॉ. समीर कुमार सिंह ने गांधी आश्रम के भवन निर्माण हेतु अपने क्षेत्रीय विकास कोष से ₹5 लाख देने की घोषणा की, जिसके लिए सभा में उपस्थित ग्रामीणों व गणमान्य व्यक्तियों ने उनका आभार व्यक्त किया।

गांधी विचारों की प्रासंगिकता पर केंद्रित रहा व्याख्यान

अपने संबोधन में डॉ. सिंह ने कहा कि “आज गांधी विचारों पर लगातार आक्रमण हो रहे हैं, लेकिन जैसे-जैसे ये हमले बढ़ते हैं, गांधी विचार और अधिक निखरकर सामने आते हैं।” उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी के माध्यम से भारतीय सद्भावना और सांस्कृतिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि भारत की परंपरा अहिंसा और शांति पर आधारित है और गांधी उसी परंपरा का नाम हैं।

डॉ. सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम में गांधी जी के योगदान और सामाजिक पुनर्निर्माण के उनके मूल्यों को संरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि यह आश्रम उस दिशा में प्रयत्नशील है।

“बिहार गांधी का है, गांधी बिहार के हैं”

सभा की अध्यक्षता कर रहे प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि बिहार को गांधी की उपलब्धियों को आधार बनाकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने खादी संस्थाओं की बदहाली और भूदान आंदोलन की उपेक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज देश में गांधी के संसाधनों पर हमला हो रहा है। ऐसे समय में गांधी के सत्याग्रह और मूल्यों को याद करना समय की मांग है।

“गांव जीवित है, तो गांधी भी जीवित हैं”

आश्रम के संस्थापक डॉ. मनोज मीता ने कहा कि गांधी विचार केवल पुस्तकों में नहीं, बल्कि गांव की मिट्टी में जीवित हैं। जब तक गांव जीवित रहेंगे, गांधी का दर्शन और जीवन मूल्य भी जीवंत रहेंगे। आश्रम का उद्देश्य है ग्रामीण समाज को अहिंसा के आधार पर संगठित करना और गांधी विचारों को जन-जन तक पहुंचना।

स्थानीय नेताओं की उपस्थिति और सहभागिता

सभा में बांका के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश प्रसाद यादव ने आश्रम की उपलब्धियों और क्षेत्रीय जनसंपर्क को रेखांकित किया। साथ ही पूर्व जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, सुधांशु भाई, धनंजय यादव, शशिधर मंडल, आनंदी महतो, मनोज मरिक, प्रेमा, विभास, अमर्त्य, मोहम्मद आलम, अतहर हुसैन, अजय कुमार पांडे, बुद्धन, लाल मुरमुर सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी उपस्थित थे।
सभा में दर्जनों ग्रामीणों की भागीदारी रही, जिन्होंने गांधी विचारों पर आधारित इस प्रयास को सराहा और आश्रम की गतिविधियों में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *