नीट पेपर लीक के विरोध में खूंटी कांग्रेस का धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
खूंटी: नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों व कांग्रेस नेताओं पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को खूंटी जिला कांग्रेस कमिटी ने समाहरणालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
धरने को संबोधित करते हुए रवि मिश्रा ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय परीक्षा में पेपर लीक होना लाखों छात्रों की मेहनत और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की लापरवाही से छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। साथ ही दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और विपक्षी नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की भी निंदा की।
धरना के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नीट पेपर लीक की सीबीआई जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, प्रभावित छात्रों के लिए पारदर्शी तरीके से पुनः परीक्षा आयोजित कराने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की गई।
कार्यक्रम में नईमुद्दीन खान, विलसन तोपनो, गोपाल भगत, रविकांत मिश्रा, सुनीता गोप, अमीर हुसैन सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


