निकाय चुनाव को लेकर जेएमएम का भाजपा पर हमला, बाबूलाल मरांडी पर लगाए गंभीर आरोप

रांची: नगर निकाय चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। राजधानी रांची के हरमू स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के कैंप कार्यालय में रविवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं वरिष्ठ नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी पर गंभीर आरोप लगाए।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि भले ही नगर निकाय चुनाव दलगत चुनाव चिन्ह पर नहीं लड़ा जा रहा है, लेकिन सभी राजनीतिक दल अनौपचारिक रूप से अपनी-अपनी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि शहरी मतदाताओं ने भारतीय जनता पार्टी को नकार दिया है और यह चुनाव भाजपा के “रिजेक्शन” का चुनाव साबित होगा।
उन्होंने गिरिडीह का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद वहां एक होटल में बैठक आयोजित की गई, जहां कथित तौर पर लोगों के बीच पैसे बांटे गए और चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की गई। भट्टाचार्य ने सवाल उठाया कि बाबूलाल मरांडी गिरिडीह नगर निगम के मतदाता नहीं हैं, फिर भी अपने समर्थक के होटल में बैठक कर चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप क्यों किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बैठक सुनियोजित तरीके से आयोजित की गई थी।
जेएमएम नेता ने यह भी कहा कि बाबूलाल मरांडी विधानसभा की कार्यवाही से भी नदारद रहे हैं और डोमिसाइल मुद्दे को लेकर राज्य में तनाव पैदा करने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मरांडी की राजनीतिक सोच आदिवासी, मूलवासी, दलित और अल्पसंख्यक विरोधी रही है तथा उनकी नीतियों से राज्य की बुनियाद कमजोर हुई है।
भट्टाचार्य ने भाजपा पर आचार संहिता लागू होने से ठीक पहले बिहार में योजनाओं की घोषणा कर चुनावी माहौल प्रभावित करने का भी आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने रांची सहित सभी नगर निकाय क्षेत्रों के मतदाताओं से शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की।
उन्होंने दावा किया कि इस बार नगर निगम, परिषद और अन्य निकायों की 50 प्रतिशत से अधिक सीटों पर जेएमएम की जीत सुनिश्चित है। हालांकि, इन आरोपों पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *