सुबह-सुबह बजा ‘विजिलेंस का डोर बेल’, इंजीनियर साहब नदारद, पर दस्तावेज़ों ने सब कुछ कह दिया!

भागलपुर। भागलपुर में बुधवार की सुबह जैसे ही सूरज ने दस्तक दी, विजिलेंस की 12 सदस्यीय टीम ने भी भवन निर्माण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर प्रणव कुमार के घर पर दबिश दे दी। इसके अलावा प्रणव कुमार के पटना और दरभंगा के ठिकानों पर भी छापेमारी जारी है। मामला मामूली नहीं था – आय से कई गुना अधिक संपत्ति जुटाने का आरोप था। और यही आरोप उन्हें पटना से आई इस ‘स्पेशल टीम’ की नजर में ले आया। प्रणव कुमार वर्तमान में दरभंगा में भवन निर्माण विभाग के विद्युत प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं।

सुबह-सुबह अचानक आई विजिलेंस टीम ने पहले दरवाज़ा खटखटाया, फिर तलाशी शुरू कर दी। लेकिन जैसे ही टीम ने अंदर कदम रखा, पता चला-इंजीनियर साहब तो घर पर हैं ही नहीं! बावजूद इसके, टीम ने दस्तावेज़ों की गहराई से जांच शुरू कर दी। बैंक पासबुक, ज़मीन-जायदाद के कागजात, नकदी और लेन-देन से जुड़े कागज़ – सब कुछ बारीकी से खंगाले गए।

घर में मौजूद परिजनों से पूछताछ की गई, और इसी दौरान टीम ने मोहल्ले में भी हलचल मचा दी। पड़ोसी कुछ कहने से बचते दिखे, लेकिन निगाहें सब कुछ कह रही थीं। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई को देखते हुए स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही, ताकि कोई हंगामा न हो।

सूत्रों की मानें तो अगर कागज़ों में छुपे राज़ और गहराए, तो जल्द ही इंजीनियर साहब के अन्य ठिकानों पर भी विजिलेंस की दस्तक सुनाई दे सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *