अंग में त्रिकोणीय नहीं, बहुकोणीय होंगे मुकाबले,युवा वोटर तय करेंगे जीत-हार का समीकरण

भागलपुर। आगामी अक्टूबर में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में बहुकोणीय मुकाबलों की संभावना प्रबल हो गई है। एनडीए, महागठबंधन, जन सुराज, आम आदमी पार्टी सहित स्थानीय क्षत्रपों की दस्तक अभी से सुनाई देने लगी है। आने वाले दिनों में बनते-बिगड़ते समीकरण क्या रंग दिखाएंगे, यह फिलहाल भविष्य के गर्त में है। टिकट नहीं मिलने तथा बगावत पर उतारू चेहरों के पैंतरे भी मुख्य प्रत्याशियों के हलक सुखायेंगे सो अलग। अंग की धरती पर भी कुछ ऐसा ही नजारा दिख रहा है। युवा वोटर चुनावी ख्वाबों को चकनाचूर कर सकते हैं। इसे नकारा नहीं जा सकता। आंकड़े बताते हैं कि इस बार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों बिहपुर, गोपालपुर, पीरपैंती, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, नाथनगर, बिहपुर में युवा मतदाताओं की संख्या लगभग 5 से 10 हजार तक बढ़ी है। वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की अभी प्रक्रिया जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 18 से 19 वर्ष के 40161 और 20 से 29 वर्ष के 482235 मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं. बहुकोणीय मुकाबले में यह आंकड़ा जीत हार के लिए प्रभावी माना जाता है।

ज्ञात हो कि अंग क्षेत्र के लगभग हर कोने में एनडीए और महागठबंधन के अलावा जन सुराज के चेहरे व समर्थकों की भरमार है। जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर की दिन-रात की मेहनत असर दिखाने को बेकरार है। ऐसे में चुनावी मैदान में उनकी पार्टी की दमदार मौजूदगी को नकारा नहीं जा सकता।

युवा वोटर बन सकते हैं ‘किंगमेकर’ :
राजनीतिक गलियारों में चल रही अटकलों की मानें तो इस बार बहुकोणीय मुकाबले में जातीय समीकरण के साथ-साथ युवा वोटरों का रुझान ही निर्णायक भूमिका निभाएगा। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में युवा मतदाताओं की संख्या में 5,000 से 10,000 तक की बढ़ोतरी हुई है, जो बहुकोणीय मुकाबले में समीकरणों को पूरी तरह से पलट सकती है।

ऐसे में कांटे की टक्कर और अप्रत्याशित परिणामों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। यह स्थिति विशेष रूप से एनडीए और महागठबंधन के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकती है। शायद इसी कारण सभी दलों ने अब से ही युवा वोटरों को साधने की रणनीति बनानी शुरू कर दी है।

खेलो इंडिया से लेकर नौकरियों तक का प्रलोभन :
युवा वोटरों को जोड़ने के लिए सरकार ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं के माध्यम से राज्य के सभी जिलों में आयोजन कर रही है। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करने और सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया भी तेज़ी से जारी है।

प्रशासन को मिले निर्देश :
जिले के सभी डीएम को निर्देश दिया गया है कि वे युवा मतदाताओं को अभियान के माध्यम से तेजी से जोड़ें। QR कोड स्कैन करवा कर मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची में नाम जोड़ने का कार्य तेज़ हो सके। जिनका नाम कट गया है, उन्हें पुनः जोड़ा जाए और मृत व्यक्तियों के नाम हटाए जाएं। संभावित प्रत्याशियों का नाम मतदाता सूची से न हटे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

18-19 वर्ष के छूटे हुए युवाओं को शामिल करने, डुप्लीकेसी रोकने, और बीएलओ की नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए डीएम ने चुनाव समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

(((( बॉक्स न्यूज़ )))))
भागलपुर जिले के विधानसभा क्षेत्रों में युवा मतदाताओं की संख्या:
विधानसभा युवा मतदाता (संख्या)
बिहपुर 4,756
गोपालपुर 5,128
पीरपैंती 6,972
कहलगांव 6,842
भागलपुर 4,999
सुल्तानगंज 5,390
नाथनगर 6,365
🔹 कुल मतदाता: 23,99,666

पुरुष: 12,12,252
महिला: 11,87,294
🔹 कुल आबादी: 38,72,710

पुरुष: 20,26,601
महिला: 18,46,109

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *