कपड़ों की खरीदारी के साथ राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद चखना है तो चले आइए दिव्य कला मेला हरमू…..
गणादेश ब्यूरो, रांची: अगर आप राजस्थानी लजीज व्यंजनों के शौकीन हैं तो चले आइए दिव्य कला मेला हरमू मैदान। जहां राजस्थानी लजीज व्यंजनों का स्टॉल लगाए गए हैं।
यहां पर एक से बढ़ कर एक आकर्षक नए डिजाइन के कपड़ों,ज्यूलरी, होम डेकोर,घर के सजावट की सामग्रियों के स्टॉल लगाए गए हैं। खरीदारी के साथ साथ आप यहां पर राजस्थानी लजीज व्यंजनों का भी स्वाद चख सकते हैं। साथ ही अन्य राज्यों के लजीज व्यंजनों का भी आप आनंद ले सकते हैं। मेला में झारखंड के लोगों को राजस्थानी लजीज व्यंजन खूब पसंद आ रहा है।

लोग बड़े चाव के साथ इसका स्वाद ले रहे हैं।यहां पर पूरे भारत के अलग राज्यों से आए दिव्यांग जनों ने अपनी शिल्प कला की प्रदर्शनी लगाई है।इस मेले में दिव्यांगजन के हितों से जुड़ी सरकारी तथा गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा भी अपनी योजनाओं के बारे में बताया जा रहा है। दिव्यांग उद्यमियों, शिल्पकारों और कलाकारों का यह राष्ट्रीय मेला 8 सितंबर तक चलेगा। इस मेले में सभी के लिए एंट्री फ्री रखी गई है। 07 सितंबर को देश भर से आए दिव्यांग कलाकारों द्वारा दिव्य कला शक्ति नामक अनूठा कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। जिसकी प्रस्तुति आप सबका मन मोह लेगी। इस मेले में 03 सितंबर को दिव्यांगजन के लिए रोजगार मेला भी आयोजित किया गया। इस मेले में एक दर्जन कंपनियों ने भाग लिया तथा 197 दिव्यांगजनों का इंटरव्यू लिया। कई दिव्यांगजनों का ऑन द स्पॉट प्लेसमेंट जॉब भी दिया गया। रोजगार मेला में भारत पेट्रोलियम, इंडिगो एयरलाइंस,कॉन्सेंट्रिक्स,एमजॉन, रिलायंस सहित कई कंपनियों ने अपना स्टॉल लगाया और दिव्यांग अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया गया।
गौरतलब है कि दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा हरमू ग्राउंड में दिव्यांगजन के लिए राष्ट्रीय स्तर का मेला लगाया गया है। इस मेले का उद्घाटन बीते 29 अगस्त को राज्यपाल संतोष गंगवार एव केंद्रीय मंत्री सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता डॉ. वीरेंद्र कुमार तथा हटिया के विधायक नवीन जयसवाल की उपस्थिति में किया गया था। मेला में प्रतिदिन संध्या को दिव्यांज जन के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।



