एयर एम्बुलेंस मामले पर स्वास्थ्य मंत्री का बयान, अधिक राशि वसूली की होगी जांच

गणादेश,रांची: चतरा में हुए एयर एम्बुलेंस क्रैश मामले को लेकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने जांच के निर्देश देने की बात कही है। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त एयर एम्बुलेंस रेडबर्ड कंपनी का था, जो काफी पुराना बताया जा रहा है। इसकी तकनीकी स्थिति और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी। साथ ही एयर एम्बुलेंस सेवा के दौरान मरीजों से अधिक पैसे वसूले जाने की शिकायतों की भी जांच होगी।

बुधवार को विधानसभा परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। राज्य सरकार गंभीर रूप से बीमार गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों को रियायती दर पर एयर एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि जरूरत के समय मरीजों को त्वरित इलाज मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि किसी निजी कंपनी द्वारा तय दर से अधिक राशि ली जाती है, तो यह पूरी तरह गलत और अस्वीकार्य है।

स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित एयर एम्बुलेंस कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए गंभीर है तथा मरीजों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए एयर एम्बुलेंस सेवाओं की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *