एनटीपीसी कहलगांव में नि:शुल्क मोतियाबिंद शिविर 2025 की शुरुआत, 842 मरीजों ने कराया पंजीकरण

भागलपुर। एनटीपीसी लिमिटेड के कहलगांव सुपर थर्मल पावर स्टेशन में मंगलवार को नि:शुल्क मोतियाबिंद जांच एवं उपचार शिविर – 2025 का शुभारम्भ हुआ। कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत जीवन ज्योति चिकित्सालय और सृष्टि समाज के संयुक्त प्रयास से शुरू किए गए इस वार्षिक नेत्र शिविर का उद्घाटन परियोजना प्रमुख रबीन्द्र पटेल ने किया। उनके साथ सृष्टि समाज (कहलगांव) की अध्यक्षा श्रीमती अर्चना पटेल भी मौजूद थीं।

उद्घाटन समारोह में रबीन्द्र पटेल ने कहा कि एनटीपीसी कहलगांव केवल ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने इसे ‘मोतियाबिंद-मुक्त समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम’ बताते हुए चिकित्सकों, पैरा-मेडिकल टीम और सृष्टि समाज के योगदान की सराहना की।

हर वर्ष आयोजित होने वाले इस नेत्र शिविर में इस बार 842 रोगियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें 499 महिलाएं और 343 पुरुष शामिल हैं। परीक्षण के बाद 525 मरीजों को शल्य चिकित्सा के लिए उपयुक्त पाया गया है। डीबीआई फाउंडेशन, कोलकाता की विशेषज्ञ टीम आधुनिक तकनीक से ऑपरेशन कर रही है, जबकि एनटीपीसी के चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और सृष्टि समाज के स्वयंसेवक लगातार सहयोग दे रहे हैं।

शिविर में सभी मरीजों को निःशुल्क इंट्रा ऑकुलर लेंस (IOL) लगाए जा रहे हैं। साथ ही सृष्टि समाज द्वारा रोगियों और उनके परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। शिविर के समापन पर ऑपरेशन कराए गए सभी मरीजों को निःशुल्क चश्मे, दवाइयां और कंबल भी वितरित किए जाएंगे। नई रोशनी पाने की आस लेकर आए लोग इस पहल से बेहद उत्साहित दिखाई दिए। कई मरीजों ने एनटीपीसी प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह शिविर उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (ओएंडएम) मनोरंजन पारिदा, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) श्रीनाध मारिसेट्टी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुष्मिता सिंह, मानव संसाधन विभागाध्यक्ष मनोरंजन सारंगी सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख, यूनियन-एसोसिएशन प्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाओं के सदस्य और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *