TRENDING NOW

सुल्तानगंज में प्रस्तावित एयरपोर्ट की जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक, डीएम का आदेश जारी

भागलपुर। सुल्तानगंज में प्रस्तावित ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट की जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी गई है। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जिला अवर निबंधक को पत्र लिखकर मौजा मसदी में 300 एकड़, नोनसर में 225 एकड़, राजगंज में 50 एकड़, कसवा में 205 एकड़, सुजापुर में 40 एकड़ और मंझली में 35 एकड़ भूमि के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का निर्देश दिया है।

डीएम ने निर्देश दिया है कि हवाई अड्डा के लिए चिह्नित भूमि के अलावा आस-पास की जमीन की खरीद-बिक्री पर भी रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर भूमि अधिग्रहण किया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भूमि के संदर्भ में व्यवहार्यता अध्ययन दल की मांग पर संबंधित प्रतिवेदन निदेशक, वायुयान संगठन निदेशालय, मंत्रीमंडल सचिवालय विभाग, पटना को भेजा गया है।

डीएम ने कहा कि चूंकि यह रैयती भूमि है, इसलिए उसकी खरीद-बिक्री पर रोक जरूरी है। अगले आदेश तक जमीन की रजिस्ट्री और क्रय-विक्रय पर पूरी तरह से प्रतिबंध लागू रहेगा। आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

तकनीकी जांच के लिए आएगी टीम

प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिए तकनीकी जांच एवं प्री-फिजिबिलिटी स्टडी जल्द शुरू की जाएगी। इसे लेकर मुख्यालय स्तर पर कवायद तेज हो गई है। मंत्रीमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के अध्यक्ष को पत्र लिखकर भागलपुर में हवाई अड्डे की संभावना पर अध्ययन कराने का अनुरोध किया है।

पत्र में कहा गया है कि सुल्तानगंज अंचल में 1 अक्टूबर 2024 को 855 एकड़ भूमि चिह्नित कर रिपोर्ट भेजी गई थी, जिसे ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के लिए उपयुक्त माना गया है। इस जमीन पर टर्मिनल, रनवे, चहारदीवारी, वेटिंग लाउंज आदि निर्माण के लिए तकनीकी जांच कराई जानी आवश्यक है, ताकि निर्माण कार्य में कोई रुकावट न आए।

चिह्नित भूमि का ब्योरा इस प्रकार है:

मसदी (खाता संख्या 71): 300 एकड़

नोनसर (83): 225 एकड़

राजगंज (84): 50 एकड़

कसवा (79): 205 एकड़

सुजापुर (78): 40 एकड़

मंझली (80): 35 एकड़

एयरपोर्ट की संभावित संरचना:

रनवे (उत्तर): 4000 मीटर

रनवे (दक्षिण): 3800 मीटर

चौड़ाई: 740 मीटर

टर्मिनल लंबाई: 1000 मीटर

टर्मिनल चौड़ाई: 500 मीटर

भागलपुर रेलवे स्टेशन से इस प्रस्तावित हवाई अड्डे की दूरी लगभग 30 किलोमीटर है, जबकि सुल्तानगंज मुख्यालय से हवाई दूरी 2.9 किलोमीटर और सड़क मार्ग से लगभग 6 किलोमीटर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *