डीएम ने की सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

भागलपुर। जिले में चल रहे मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को समीक्षा भवन में जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में मतदाता सूची के अद्यतन कार्य को प्रभावी, पारदर्शी और समावेशी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर जुटाए गए फार्मों को साक्ष्य सहित भरकर जमा करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सही मतदाताओं के नाम छूटने नहीं चाहिए और गलत नाम जोड़े नहीं जाएं। जिनके पास पहचान के मानक दस्तावेज नहीं हैं, वे जमीन के कागजात, राशन कार्ड अथवा अन्य सरकारी दस्तावेजों को साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं।

डॉ. चौधरी ने बताया कि मृतकों एवं पलायन कर चुके व्यक्तियों के नाम सूची से हटाना आवश्यक है। इस कार्य में राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि उनके बीएलए (BLA) भी फार्म भरवाने और बीएलओ की मदद में सक्रिय भूमिका निभाएं, विशेषकर शहरी क्षेत्रों में यह सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को फार्म भरने में बीएलओ विशेष सहयोग दें, ताकि वे बिना किसी झिझक के फार्म सही तरीके से जमा कर सकें। फार्म अपलोडिंग में साक्ष्य की अनुपस्थिति से कठिनाई आती है, इसलिए सभी मतदाता प्रमाण-पत्रों के साथ फार्म जमा करें।

डॉ. चौधरी ने जानकारी दी कि वर्ष 2003 के बाद जिन मतदाताओं का नाम जोड़ा गया है, वे अपने माता-पिता के दस्तावेज साथ में दें। यदि किसी महिला की नई शादी हुई है, तो वह अपने माता-पिता का प्रमाण-पत्र नाम जुड़वाने के लिए प्रस्तुत करे।

इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी ने जानकारी दी कि 16 जुलाई को सभी मुखिया एवं सरपंचों के साथ वर्चुअल मीटिंग आयोजित की जाएगी, जिसमें गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रक्रिया और सहभागिता पर चर्चा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *