जिला सहकारिता पदाधिकारी आशा टोपनो ने संभाला पदभार, किसानों से फसल बीमा योजना का लाभ लेने की अपील

लातेहार : लातेहार की नवपदस्थापित जिला सहकारिता पदाधिकारी आशा टोपनो ने मंगलवार को पदभार ग्रहण किया।योगदान देने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जिले के अंतिम छोर तक रहने वाले किसानों को सरकार की सभी कृषि एवं सहकारिता योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जिले में अपेक्षाकृत कम वर्षा होने के कारण कई क्षेत्रों में धान की रोपाई प्रभावित हुई है। ऐसी स्थिति में किसानों को संभावित फसल क्षति से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिले के सभी किसानों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ लेने की अपील की। जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित है। इसलिए किसान अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना पंजीकरण करा लें, ताकि प्राकृतिक आपदा या अन्य कारणों से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके। उन्होंने बताया कि किसान अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से भी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित बैंक और कृषि विभाग के कार्यालयों से भी योजना की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिला सहकारिता पदाधिकारी ने कहा कि विभाग किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाएगा, ताकि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *