झारखंड को समृद्ध बनाने के लिए साहित्य और कला का विकास आवश्यक : आदित्य विक्रम

रांची: इम्पावर झारखंड के अध्यक्ष एवं समाजसेवी आदित्य विक्रम जायसवाल की अध्यक्षता में बीएनआर चाणक्य होटल में “Words & Warm Brews with Shobha Tharoor” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रसिद्ध लेखिका एवं कवयित्री शोभा थरूर रहीं। आयोजन में मॉडरेटर प्रणीत बब्बर, इम्पावर झारखंड के कोषाध्यक्ष सीए भुवनेश कुमार ठाकुर सहित शहर के अनेक साहित्यप्रेमी, बुद्धिजीवी और युवा शामिल हुए। युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष ऊर्जा प्रदान की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। स्वागत संबोधन में आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि झारखंड को समृद्ध बनाने के लिए साहित्य और कला का विकास आवश्यक है। इससे युवाओं को नए अवसर मिलेंगे और रचनात्मकता को मंच मिलेगा।
हिंदी साहित्य पर पूछे गए प्रश्न पर शोभा थरूर ने कहा कि किसी भी भाषा को समझना और महसूस करना अपने आप में बड़ी बात है। उन्होंने बताया कि लेखन के दौरान उन्हें शब्दों में संगीत सुनाई देता है, जो उनकी प्रेरणा बनता है। अपने साहित्यिक सफर को साझा करते हुए उन्होंने बचपन से शब्दों से जुड़ाव की बात कही। शशि थरूर के साथ बड़े होने के अनुभव पर उन्होंने कहा कि वे जीवन के हर मोड़ पर प्रेरणा और मार्गदर्शन देते रहे हैं।
उन्होंने माता-पिता से बच्चों को साहित्य, लेखन और रचनात्मकता के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की और झारखंड के बच्चों में अपार संभावनाओं की बात कही। आदित्य विक्रम जायसवाल ने बताया कि इम्पावर झारखंड सिग्नेचर कैंपेन के तहत राज्य के लेखकों-कवियों को आगे बढ़ाने में सहयोग करेगा तथा भविष्य में लिटरेचर-पोएट्री फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा, जिससे पर्यटन, रोजगार और अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।
इस अवसर पर पूजा दाधा ने साहित्य के व्यवसायीकरण, डिजिटलाइजेशन और कॉपीराइट पर जोर दिया। कार्यक्रम में प्रो. डॉ. स्वाति पराशर, विजयश्री शाहदेव, डॉ. अपूर्वा, सीए अभिषेक केडिया सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों को पौधा एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *