जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में उपायुक्त ने की विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा

खूंटी: उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय के सभा कक्ष में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में राशन आपूर्ति एवं राशन वितरण, आधार सीडिंग, धान अधिप्राप्ति, ई केवाईसी, लैप्स पैक्स समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया जाए तथा खरीदे गए धान का समय पर उठाव सुनिश्चित किया जाए एवं किसानों को ससमय भुगतान सुनिश्चित हो। वैसे लैम्प्स जहां धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया सही से नही हुई है, उन लैम्प केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
एनएफएसए एवं जेएसएफएसएस योजना के तहत विभिन्न श्रेणी के राशन कार्डधारियों को किए जा रहे राशन वितरण की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी पीडीएस डीलरों को समय पर राशन का उठाव कर ससमय लाभुकों को राशन वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कहा कि वह सभी पीडीएस डीलरों का नियमित निरीक्षण करें, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर एवं निर्धारित मात्रा में राशन प्राप्त हो सके।
राशन कार्ड में आधार एवं मोबाइल नंबर सीडिंग की प्रगति की समीक्षा करते हुए इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। साथ हीं राशनकार्डधारी लाभुकों का अनिवार्य रूप से ई केवाईसी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में मुख्य रूप से अपर समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी एमओ, समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *