जनता दरबार में उपायुक्त ने कुल 57 मामलों पर की सुनवाई,ऑन स्पॉट कई मामलों का किया निष्पादन

बोकारो – जनता की आवाज़ सुनना और उनकी समस्याओं का समाधान करना ही प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। यह बातें शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित सप्ताहिक जनता दरबार के दौरान उपायुक्त  अजय नाथ झा ने कहीं। उन्होंने कहा कि जनता दरबार शासन-प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम है। इससे नहीं केवल लोगों की समस्याओं का प्रत्यक्ष समाधान होता है, बल्कि जनता का विश्वास भी प्रशासनिक तंत्र में मजबूत होता है। उपायुक्त ने कहा कि, केवल जिला स्तर पर ही नहीं प्रखंडों में भी आज जनता दरबार आयोजित है। सप्ताह के प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार आयोजित होता है।

जनता दरबार के दौरान एक बुजुर्ग पिता अपने बेटे और बहू के विरुद्ध शिकायत लेकर पहुंचे। इस पर उपायुक्तने भावुक होते हुए कहा कि यह बेहद दुखद है कि एक पिता को अपने ही बेटे-बहू के खिलाफ शिकायत लेकर यहां आना पड़ रहा है। यह केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि सामाजिक चिंता का विषय है। समाज को इस दिशा में आत्ममंथन करने की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील किया कि पारिवारिक और सामाजिक मूल्यों को सशक्त बनाए रखें ताकि वृद्धजन को सम्मान और सुरक्षा का वातावरण मिले।

 जनता दरबार में कुल 57 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भूमि विवाद, पेंशन, पारिवारिक कलह, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आवास, राशन कार्ड और जनसुविधा से संबंधित विषय प्रमुख रहे। उपायुक्त ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से सुनवाई की और कई मामलों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *