मुरहू और कर्रा प्रखंड का डीसी ने किया दौरा, पेयजल योजनाओं का लिया जायजा

गणादेश,खूंटी: उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने शनिवार को मुरहू एवं कर्रा प्रखंड का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना, कृषक पाठशाला तथा जेएसएलपीएस से जुड़कर आजीविका गतिविधियों का संचालन कर रही महिला स्वयं सहायता समूहों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुरहू स्थित बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने इंटेक वेल, फिल्ट्रेशन प्लांट सहित पेयजल आपूर्ति की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने योजना के नियमित संचालन, समय पर रिपेयरिंग एवं मेंटेनेंस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्टॉक एवं अन्य अभिलेखों की जांच कर उन्हें अद्यतन रखने तथा लाभुकों से लिए जाने वाले उपयोगकर्ता शुल्क की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल को क्षेत्र के उपभोक्ताओं को नियमित एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

दौरे के क्रम में उपायुक्त ने मुरहू प्रखंड के गनालोया क्षेत्र में जेएसएलपीएस से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूह की दीदियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रज्ञा केंद्र, राशन दुकान, इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का संचालन कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही महिलाओं के कार्यों की सराहना की। उन्होंने अन्य महिलाओं से भी जेएसएलपीएस से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने की अपील की तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी को समूहों के साथ नियमित बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।

इसके पश्चात उपायुक्त ने मुरहू कृषक पाठशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाठशाला के संचालन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। जिला कृषि पदाधिकारी एवं संबंधित एजेंसी द्वारा संचालन से जुड़ी चुनौतियों से उन्हें अवगत कराया गया। उपायुक्त ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद करते हुए बताया कि कृषक पाठशाला के माध्यम से वर्षभर रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा एफपीओ के माध्यम से इसके प्रभावी संचालन से किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को ग्रामसभा आयोजित कर ग्रामीणों को योजना एवं इससे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी देने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत उपायुक्त ने कर्रा कृषक पाठशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने पाठशाला में संचालित खेती, बत्तख पालन, डेयरी, मशरूम उत्पादन, मुर्गी पालन, मत्स्य पालन, बकरी पालन, ड्रैगन फ्रूट, अमरूद, नींबू, सेब, चीकू सहित अन्य गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने परिसर की नियमित साफ-सफाई, योजनाबद्ध खेती तथा कृषक पाठशाला को मॉडल कृषक पाठशाला के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला कृषि पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, उप परियोजना निदेशक (आत्मा), डीपीएम जेएसएलपीएस, प्रखंड विकास पदाधिकारी मुरहू, अंचल अधिकारी मुरहू सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *