नियमित रूप से पीडीएस दुकानों का निरीक्षण कर व्यवस्था की निगरानी करें: डीसी
खूंटी: उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय टास्क फोर्स (आपूर्ति) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राशन आपूर्ति, लाभुकों को राशन वितरण, आधार सीडिंग, मोबाइल नंबर सीडिंग, ई-केवाईसी, राशनकार्ड, सोना सोबरन धोती, साड़ी एवं लुंगी वितरण, MDM खाद्यान्न सहित आपूर्ति विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत विभिन्न श्रेणी के राशन कार्डधारियों को उपलब्ध कराए जा रहे खाद्यान्न वितरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी जन वितरण प्रणाली दुकानदारों को समय पर खाद्यान्न उठाव एवं लाभुकों के बीच निर्धारित मात्रा में ससमय वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से पीडीएस दुकानों का निरीक्षण कर व्यवस्था की निगरानी करने को कहा।
उपायुक्त ने प्रत्येक माह चावल दिवस का आयोजन कर अधिक से अधिक लाभुकों के बीच खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सोना सोबरन धोती, साड़ी एवं लुंगी वितरण योजना के तहत लाभुकों को लाभ देने का निर्देश दिया गया।
राशन कार्डधारियों के आधार, मोबाइल नंबर सीडिंग कार्य की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पात्र लाभुकों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं पीडीएस डीलरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को लैप्स केंद्रों एवं राशन दुकान एवं गोदाम का निरीक्षण कर खाद्यान्न का रख रखाव एवं भवनों की समीक्षा कर रिपोर्ट साझा करने के निर्देश दिए गए। MDM खाद्यान्न की समीक्षा करते हुए ससमय खाद्यान्न का उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।ㅤ
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


