राजधानी में अपराधी बेलगाम,दो युवकों को मारी गोली,एक की मौत,दूसरा घायल
रांची : राजधानी रांची में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। रविवार देर शाम करीं 6:45 में रातू थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने दो युवकों को गोली मार दिया। इस घटना में एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई ,जबक दूसरा गंभीर रूप से घायल युवक का रिम्स में इलाज चल रहा है। मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है ,जबकि घायक युवक का नाम राजबल्लम गोप है जो जमीन कारोबारी है। उसकी मां थाना एवं प्रखंड मुख्यालय में साफ-सफाई का काम करती हैं। मिली जानकारी के अनुसार दोनों शख्स चतरा के टंडवा इलाके के रहने वाले थे। फिलहाल रांची में रह रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों युवक प्रदीप लोहरा के घर में बैठे हुए थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान अचानक अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और दोनों पर गोली चला दी। गोली लगते ही एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि राजबल्लम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर रातू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश या जमीन के लफड़े से जुड़ा माना जा रहा है।
फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।



