कांग्रेसियों ने भगवान बिरसा मुंडा को किया याद,समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर किया नमन

रांची :प्रदेश कांग्रेस कमिटी के वरीष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे,लाल किशोर नाथ शाहदेव,डा.राजेश गुप्ता छोटू,प्रदेश युवक कांग्रेस की उपाध्यक्ष सुश्री निशा भगत व कुलदीप रवि बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर बिरसा समाधि स्थल कोकर पहुंचकर धरती आबा भगवान बिरसा को श्रद्धांजलि दी,पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
    अपनी श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए वरीष्ठ कांग्रेस नेता आलोक कुमार दूबे ने कहा बिरसा मुंडा की गणना महान देशभक्तों में की जाती है,भारतीय इतिहास में बिरसा मुंडा एक ऐसे नायक थे जिन्होंने झारखण्ड में अपने क्रांतिकारी चिंतन से आदिवासी समाज की दशा और दिशा बदलकर नवीन सामाजिक और राजनीतिक युग का सूत्रपात किया, काले कानूनों को चुनौती देकर बर्बर ब्रिटिश साम्राज्य को सांसत में डाल दिया, भारतीय जमींदारों और जागीरदार तथा ब्रिटिश शासकों के शोषण की भट्टी में जल रहे आदिवासियों को यातना से मुक्ति दिलाने के लिए उन्हें संगठित किया और जागृत किया। सामाजिक स्तर पर आदिवासियों के इस जागरण से तत्कालीन ब्रिटिश सरकार की चूलें हिल गई। बिरसा मुंडा सही मामले में पराक्रम और सामाजिक जागरण के धरातल पर तत्कालीन युग के एकलव्य और स्वामी विवेकानंद थे। ब्रिटिश हुकूमत ने इसे खतरे का संकेत समझकर बिरसा मुंडा को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया।
   कांग्रेस नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा भगवान बिरसा मुंडा अपने कार्यों और आंदोलन की वजह से भगवान की तरह पूजे जाते हैं,बिरसा मुंडा ने मुंडा विद्रोह पारंपरिक भू- व्यवस्था के जमींदारी व्यवस्था में बदलने के कारण किया‌ बिरसा मुंडा ने अपनी सुधारवादी प्रक्रिया के तहत सामाजिक जीवन में एक आदर्श प्रस्तुत किया, उन्होंने नैतिक आचरण की शुद्धता, आत्म सुधार और एकेश्वरवाद का उपदेश दिया,उन्होंने ब्रिटिश सत्ता के अस्तित्व को अस्वीकारते हुए अपने अनुयायियों को सरकार को लगा न देने का आदेश दिया था।
     प्रदेश कांग्रेस नेता डा.राजेश गुप्ता छोटू ने कहा बिरसा मुंडा एक आदिवासी नेता और लोकनायक थे जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित किया और पूरे झारखंड में आन्दोलन किया।

भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत सुश्री निशा भगत ने समाधि स्थल पर राष्ट्रीय युवा शक्ति द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर गरीबों और जरूरतमंदों के सेवार्थ अपना रक्त दान किया,उन्होंने कहा भगवान बिरसा मुंडा ने जो संघर्ष और आन्दोलन का मार्ग हमें दिखाया था उसी रास्ते पर चलकर हमें युवाओं को आगे लेकर चलना है।और बिरसा मुंडा के सपने को हकीकत में साकार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *