राहुल गांधी को दो साल की सजा के विरोध में कांग्रेसियों ने झारखंड विधानसभा में किया हंगामा

रांची: मोदी सरनेम पर सूरत कोर्ट से राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाए जाने के बाद कांग्रेस उग्र हो गए। झारखंड विधानसभा सदन के अंदर यह नजारा दिखा। सदन की कार्रवाई के दौरान ही जब इस बात की सूचना कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव को मिली तो उन्होंने इसे भाजपा की साजिश बताया। इसके बाद सभी कांग्रेसी विधायक हंगामा करने लगे। विधानसभा स्पीकर रविंद्रनाथ महतो ने सदन की कार्रवाई12:30 तक स्थगित कर दिया। वही विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि पीएम मोदी के गलत कार्यों का जब राहुल गांधी ने विरोध किया तो उसे सूरत कोर्ट से दो साल की सजा सुना दिया। भाजपा  जनता की आवाज को दबाना चाहती है लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है। राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त करने की साजिश रची गई है। कांग्रेस इसे बर्दास्त नहीं करेगी। वहीं विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि इस फैसले के खिलाफ कांग्रेसी सड़कों पर उतरेंगे। राहुल गांधी का पूरा परिवार देश के लिए त्याग किया है। राहुल गांधी ने कन्या कुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकला। यह भाजपा को नागवार गुजरा है। कांग्रेस विधायक अकेला यादव ने कहा कि भाजपा ने राहुल गांधी को फंसाने का काम किया है। कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी।
इस फैसले के बाद भाजपा विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि कोर्ट के फैसले पर कोई भी विधायक को बोलने का अधिकार नहीं है। राहुल गांधी ने पूरे मोदी समाज को अमर्यादित बयान दिया था। राहुल गांधी राष्ट्रीय नेता है,इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए। न्यायालय के फैसले का  सभी को स्वागत करना चाहिए।
झारखंड सरकार के मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि कोर्ट के फैसले पर कोई टीका टिप्पणी नहीं करूंगा। लेकिन अब ऐसा लगता है कि देश में बोलने की आजादी पर भी भाजपा प्रतिबंध लगाना चाहती है। भाजपा आम लोगों की आवाज को दबाना चाहती है। राहुल गांधी को टारगेट कर इस तरह का फैसला सुनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *