छोटू राम एवं समाज के प्रतिनिधियों ने बाबूलाल मरांडी से की मुलाकात, न्याय और सुरक्षा की लगाई गुहार

गणादेश,रांची: कांटा टोली चांदनी मैदान के पीड़ित छोटू राम और उनके परिवार ने अखिल भारतीय अनुसूचित जाति समन्वय समिति के संयोजक उपेंद्र कुमार रजक के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान समिति के सदस्य संदीप नायक, करण नायक, दिलीप भुईयां, जीवन राम, ई. अनिल कुमार, एस.एन. प्रसाद और आकाश भुईयां भी उपस्थित थे।
पीड़ित परिवार ने मरांडी को पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 28 सितंबर 2025 को मोहम्मद सादिक खान अपने 15-20 समर्थकों के साथ घर की बाउंड्री के अंदर जबरन घुस आया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद 2 अक्टूबर को पुनः नौशाद खान, साहेब खान, छोटू खान, शमशाद खान, इमरान खान और बारीक कसाई सहित कई लोगों ने दोबारा बाउंड्री तोड़कर जमीन कब्जाने का प्रयास किया।
छोटू राम ने बताया कि उन्होंने घटना की लिखित शिकायत एसटी/एससी थाना, रांची में दी, परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
घटना सुनने के बाद बाबूलाल मरांडी ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि वे पूरे मामले की गंभीरता से समीक्षा करेंगे और जल्द ही घटनास्थल का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ित अपने घर और जमीन पर डटकर रहें, न्याय अवश्य मिलेगा।
समिति के संयोजक उपेंद्र कुमार रजक ने मांग की कि छोटू राम के परिवार को तत्काल सुरक्षा दी जाए, जमीन कब्जे का कार्य रोका जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
दिलीप भुईयां और गुड्डी देवी ने कहा कि उनके परिवार को लगातार जान का खतरा है। यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो वे न्याय की लड़ाई को आंदोलन के रूप में जारी रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *