मुरहु में हाई मास्क लाइटें एक माह में बंद, उप प्रमुख ने उठाया सवाल
गणादेश,खूंटी :मुरहु प्रखंड मुख्यालय और मुख्य सड़कों पर हाल ही में लगाई गई हाई मास्क लाइटें मात्र एक माह में खराब हो गई हैं। अधिकांश लाइटें या तो बंद हैं या टिमटिमा रही हैं, जिससे रात में अंधकार छा जाता है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
प्रखंड उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि इन लाइटों की मांग उन्होंने जनहित में की थी, ताकि क्षेत्र में रोशनी बनी रहे। लेकिन प्रखंड कार्यालय को न तो इस योजना की औपचारिक सूचना दी गई और न ही बताया गया कि किस एजेंसी या ठेकेदार को यह कार्य दिया गया।
श्री साबू ने बताया कि उन्होंने JREDA, रांची को शिकायत भेजी है, पर अब तक कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा, “यह जनता के पैसे की खुली लूट है। घटिया सामग्री लगाकर योजनाओं को भ्रष्टाचार का माध्यम बनाया जा रहा है।”
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लाइटें बंद होने से रात्रि में आवागमन कठिन हो गया है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उप प्रमुख ने जिला प्रशासन से सभी हाई मास्क लाइटों की तकनीकी जांच, दोषी ठेकेदारों पर कार्रवाई और भविष्य में गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग की मांग की है। ग्रामीणों ने उनके इस कदम का स्वागत किया है।



