सूर्या हांसदा की हत्या और जमीन की लूट के खिलाफ भाजपा ने विरोध प्रदर्शन किया, हेमंत सरकार पर फूटा गुस्सा
रांची : झारखंड में भाजपा ने हेमंत सरकार के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने गुरुवार को पूरे प्रदेश के सभी जिला और प्रखंड मुख्यालयों पर हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है। वहीं राजधानी रांची के जिला मुख्यालय स्थित जिला स्कूल से जुलूस की शक्ल में निकले बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष घेराव कर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए उपायुक्त कार्यालय के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी।
वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा हेमंत सोरेन की सरकार आदिवासी विरोधी है।अब राज्य की जनता इस जनविरोधी, आदिवासी-विरोधी और भ्रष्ट सरकार को बख्शने वाली नहीं है।
विधायक सीपी सिंह ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा की हत्या को पुलिस ने फर्जी इनकाउंटर बताकर अंजाम दिया है। यह सब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इशारे पर हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक इस मामले की सीबीआई जांच नहीं कराई जाती, तब तक भाजपा और आदिवासी समाज चैन से बैठने वाला नहीं है।
वहीं भाजपा के सचेतक नवीन जायसवाल ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि एक ओर आदिवासी समाज के बेटों की हत्या की जा रही है, दूसरी ओर रिम्स-2 के नाम पर उनकी जमीन लूटने की साजिश रची जा रही है। हेमंत सरकार आदिवासियों के हक और अस्मिता पर हमला कर रही है। उन्होंने कहा कि एक साल के भीतर ही यह सरकार पूरी तरह जनता की नजरों से गिर चुकी है और अब पूरे प्रदेश में आक्रोश की ज्वाला भड़क चुकी है।
भाजपा के इस महा-विरोध का नेतृत्व रांची में प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी करेंगे। कांके में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, धालभूमगढ़ में चंपई सोरेन, सरिया में कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र राय, गिरिडीह में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, रातू में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद दीपक प्रकाश और अनगड़ा में स्वयं आदित्य साहू मोर्चा संभालेंगे।
भाजपा ने साफ कह दिया है कि सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और हर कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में कंधे से कंधा मिलाकर शामिल होंगे और हेमंत सरकार की तानाशाही के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।
इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता अजय शाह, वरुण गुप्ता,संजय जायसवाल सहित कई नेता मौजूद रहे।



