चार करोड़ अतिरिक्त लोगों को पांच लाख का मुफ्त इलाज देगी बिहार सरकार
पटना। बिहार सरकार अपने खर्च पर सभी राशन कार्डधारी परिवारों को प्रति वर्ष पांच लाख तक का मुफ्त इलाज की सुविधा देगी। अभी तक राज्य के साढ़े पांच करोड़ लोगों को इस सुविधा का लाभ मिल रहा था। सरकार करीब चार करोड़ अतिरिक्त लोगों को इसका लाभ देगी। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने इसकी घोषणा विधानसभा में गुरुवार को की।
मंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाएं अब राज्य के नये 85 लाख परिवारों को मिलेगी। राज्य सरकार अपने खर्च से इसे उपलब्ध कराएगी। वित्तीय वर्ष 2022-23 से यह सुविधा मिलने लगेगी। राज्य के एक करोड़ नौ लाख परिवार के सदस्यों को आयुष्मान योजना के अंतर्गत प्रति वर्ष पांच लाख तक की चिकित्सा सुविधा मुफ्त में उपलब्ध करायी जाती है। लाभार्थियों की सूची में 85 लाख राशन कार्डधारी परिवार बाहर थे, जिन्हें आयुष्मान योजना की तर्ज पर ही चिकित्सा सुविधा राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी।



