बिहार विधानसभा चुनाव: भागलपुर में पहली बार मल्टी एजेंसी चेक पोस्ट सक्रिय, 24 घंटे कड़ी निगरानी
भागलपुर। आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। जिले में तीन प्रमुख स्थानों पर मल्टी एजेंसी चेक पोस्ट की स्थापना की गई है, जो पूरी तरह से हाई अलर्ट पर 24 घंटे काम करेगा।ये तीन चेक पोस्ट हैं: पीरपैंती थाना अंतर्गत मिर्जा चौकी, सन्हौला थाना क्षेत्र का वैसा पुल, नवगछिया में स्थित जीरो माइल। इन चेक पोस्ट को अंतर्राज्यीय सीमा और जिलों के प्रवेश द्वार पर इसलिए स्थापित किया गया है ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों पर समय रहते लगाम लगाई जा सके।इन चेक पोस्टों पर केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि सीमा शुल्क, आयकर विभाग, वाणिज्य कर, उत्पाद विभाग, खनन विभाग सहित कई अहम सरकारी एजेंसियों की टीमें तैनात की गई हैं। सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम करेंगी और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या सामग्री की सघन जांच की जाएगी।इन मल्टी एजेंसी चेक पोस्ट पर टीमें राउंड द क्लॉक, यानी24×7 तैनात रहेंगी। उनका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव के दौरान अवैध नकदी, शराब, हथियार, या कोई अन्य प्रतिबंधित वस्तु की आवाजाही न हो सके। हर आने-जाने वाले वाहन की स्कैनिंग, पूछताछ और आवश्यकता अनुसार तलाशी ली जा रही है।प्रशासन का मानना है कि इन चेक पोस्टों के संचालन से जिले में चुनाव के दौरान धनबल, बाहुबल और अन्य गैरकानूनी साधनों के प्रभाव को नियंत्रित किया जा सकेगा। साथ ही आम मतदाता को भयमुक्त वातावरण मिलेगा।जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से बयान जारी कर कहा है कि यदि कोई व्यक्ति अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जाएगी।भागलपुर जिले में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर मल्टी एजेंसी चेक पोस्ट की स्थापना एक बड़ा प्रशासनिक और सुरक्षा निर्णय माना जा रहा है। इससे चुनावी पारदर्शिता को बल मिलेगा और आम नागरिकों में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास और भी मजबूत होगा।



