लातेहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार का ईनामी आदेश गंझू समेत तीन गिरफ्तार

लातेहार : जिले की पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 हजार रुपये के ईनामी कुख्यात अपराधी आदेश गंझू समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई की जानकारी एसपी कुमार गौरव ने बुधवार को प्रेस वार्ता में दी।
गिरफ्तार आरोपियों में आदेश गंझू (पिता–जगतु गंझू, होंहे, टंडवा, चतरा), उज्जवल कुमार (पिता–हुलास राणा) और सुभाष कुमार (पिता–नागेश्वर साहू, दोनों मिसरौल, टंडवा, चतरा) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्तौल, एक देसी कट्टा, 35 जिंदा गोलियां, दो मोबाइल फोन, टीएसपीसी उग्रवादी संगठन के पर्चे, दस्तावेज, डायरी और दो बाइक बरामद की हैं।
एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि आदेश गंझू अपने साथियों के साथ बनवार गांव स्थित पकरुवा जंगल में बालूमाथ और बारियातू क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी दल का गठन कर इलाके की घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान तीनों को धर दबोचा गया, जबकि अन्य साथी फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार आदेश गंझू पूर्व में टीएसपीसी से जुड़ा रहा है। वर्ष 2024 में जेल से छूटने के बाद वह टीएसपीसी और जेजेएमपी के नाम पर लेवी वसूली, फायरिंग और आगजनी की घटनाओं में सक्रिय था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
छापेमारी अभियान में बालूमाथ एसडीपीओ विनोद रवानी समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *