सीख, सुकून और संस्कृति का संगम बना सुंदर डैम का दिन, प्रेरक एक्सपोज़र विज़िट सह पिकनिक
भागलपुर। समाज में सकारात्मक बदलाव की अलख जगाने वाला ‘समवेत’ अपने रचनात्मक और नवाचारी प्रयासों से लगातार नई मिसाल कायम कर रहा है। इसी क्रम में ‘समवेत प्रेरणा केंद्र’ और ‘डिजिटल लर्निंग सेंटर’ से जुड़े बच्चों, उत्प्रेरकों एवं सहयोगियों के लिए झारखंड के गोड्डा स्थित सुंदर डैम में एक प्रेरक एक्सपोज़र विज़िट सह पिकनिक का आयोजन किया गया।
प्रकृति की गोद में बिताए गए इस दिन ने बच्चों के सीखने के अनुभव को किताबों की सीमाओं से बाहर निकाल दिया। खुले वातावरण में रहकर बच्चों ने प्रकृति और मानव के आपसी रिश्ते को नज़दीक से समझा। संबंध और सरोकार का अर्थ गढ़ा। जरूरत से ज्यादा प्राकृतिक दोहन, प्लास्टिक के बढ़ते इस्तेमाल और उससे पर्यावरण को होने वाले नुकसान जैसे विषयों पर संवाद हुआ, जिसने बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।
यात्रा केवल सीख तक सीमित नहीं रही। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद और गीत-संगीत ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। बच्चों, उत्प्रेरकों और समवेत के साथियों की सक्रिय भागीदारी से उत्साह, आनंद और आपसी अपनत्व साफ झलकता रहा।
हंसी, संवाद, रचनात्मक अभिव्यक्ति और सीख से सजा यह दिन सभी के लिए यादगार बन गया। समवेत का मानना है कि ऐसे अनुभव बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें प्रकृति-संवेदनशील और सामाजिक रूप से जागरूक नागरिक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
सीखते हुए घूमना, संस्कृति को जीना और प्रकृति को बचाने का संकल्प – यही इस यात्रा की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।



