झारखंड में 108 एम्बुलेंस सेवा पूरी तरह चरमरा चुकी है: बाबूलाल मरांडी
रांची: झारखंड भाजपा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि झारखंड में 108 एम्बुलेंस सेवा पूरी तरह चरमरा चुकी है। मरांडी ने कहा कि बोकारो और गिरिडीह जिलों में एम्बुलेंस कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इससे दोनों जिलों की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। मरीजों को मजबूरी में निजी एम्बुलेंस की मनमानी फीस चुकानी पड़ रही है या फिर वे निजी वाहनों से अस्पताल जाने को विवश हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय मंत्री ने पुराने एमओयू को रद्द कर एम्बुलेंस सेवा की जिम्मेदारी अपने करीबी ‘सम्मान फाउंडेशन’ को सौंप दी है। मरांडी ने मांग की कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस मामले का तत्काल संज्ञान लें, एम्बुलेंस कर्मचारियों का बकाया वेतन भुगतान सुनिश्चित करें और लापरवाह एजेंसी पर सख्त कार्रवाई करें, ताकि मरीजों को राहत मिल सके।

