दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर नेवरी में श्रद्धांजलि, 14 फीट की प्रतिमा लगाने की घोषणा
रांची: झारखंड के राज्य निर्माता एवं पद्मभूषण से सम्मानित स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को रांची के नेवरी रिंग रोड चौक स्थित दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय, केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य तथा राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। झामुमो के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर रांची जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय, जिला, महानगर और प्रखंड स्तर के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन झारखंड के मान, सम्मान और स्वाभिमान के प्रतीक थे। उन्होंने घोषणा की कि अब यह चौक आधिकारिक रूप से “दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक” के नाम से जाना जाएगा। साथ ही यहां 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसका अनावरण उनकी जयंती पर किया जाएगा।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि गुरुजी का संघर्ष, त्याग और सम्मान व पहचान की लड़ाई आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वहीं मुस्ताक आलम ने कहा कि चौक का सौंदर्यीकरण कर इसे एक प्रेरणास्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों को उनके सहयोग के लिए अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा जरूरतमंदों के बीच साड़ी और लूंगी का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय सचिव नंदकिशोर मेहता, अश्विनी शर्मा, अंतु तिर्की, समनूर मंसूरी, डॉ. हेमलाल मेहता सहित बड़ी संख्या में केंद्रीय, जिला एवं महानगर पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंड अध्यक्ष, छात्र मोर्चा के प्रतिनिधि तथा सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

