नौ कन्याओं के पूजन के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुलेगा रामलला पूजा पंडाल
रांची : श्री रामलला पूजा समिति की ओर से इस वर्ष रांची जिला स्कूल परिसर में वाराणसी स्थित स्वर्वेद महामंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है। समिति अपने तीसरे वर्ष में प्रवेश के साथ श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता, भारतीय संस्कृति और कला का अनूठा अनुभव कराने की तैयारी में है। बुधवार को नौ कन्याओं के पूजन के बाद पूजा पंडाल का उद्घाटन किया जाएगा और मां दुर्गा के दर्शन के लिए पट खोल दिए जाएंगे। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल को भी आमंत्रित किया गया है। वहीं, शाम छह बजे से पंडाल परिसर में भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा।
समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी और महासचिव कुणाल अजमानी ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल को वाराणसी के उमरहा स्थित स्वर्वेद महामंदिर के प्रारूप पर तैयार किया गया है। लगभग 150 फीट चौड़े और 100 फीट ऊंचे इस पंडाल के मध्य में 30 फीट ऊंचा गर्भगृह बनाया गया है, जहां मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। पंडाल में आकर्षक कलाकृतियों और रंगीन सजावट के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण तैयार किया गया है।
समिति के अनुसार, वर्ष 2024 में श्रीराम मंदिर और 2025 में गुजरात के भुज स्थित स्वामीनारायण मंदिर की तर्ज पर पूजा पंडाल बनाया गया था। इस वर्ष स्वर्वेद महामंदिर के प्रारूप को प्रस्तुत करने का उद्देश्य श्रद्धालुओं को देश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है।
पंडाल में महिलाओं और पुरुषों के लिए प्रवेश एवं निकास की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समिति के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पूजा परिसर में बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए छोटे-बड़े झूले लगाए जाएंगे। इसके अलावा, उचित मूल्य पर 100 से अधिक प्रकार के व्यंजनों और अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई है।
समिति ने झारखंड सहित दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं से पूजा पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करने और भजन संध्या में शामिल होने की अपील की है। बैठक का संचालन समिति के प्रवक्ता प्रमोद सारस्वत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रवक्ता बादल सिंह ने किया। मौके पर प्रेमचंद श्रीवास्तव, दिलीप सोनी, प्रकाश धेलिया, महेश सोनी, संजय गुप्ता समेत समिति के कई सदस्य उपस्थित थे।


