चास नगर निगम चुनाव: निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन तैयार :अनुमंडल पदाधिकारी

बोकारो – निर्वाची पदाधिकारी, चास नगर निगम एवं सह चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा ने सोमवार को अनुमंडल कार्यालय चास के सभागार में नगरपालिका आम चुनाव को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। बैठक में चुनाव प्रक्रिया, सुरक्षा और मतदाताओं की सुविधा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार भी उपस्थित थे।निर्वाची पदाधिकारी ने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सभी प्रत्याशियों से आचार संहिता का पालन करने की अपील की और बताया कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा पुख्ता रहेगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।महापौर पद हेतु चास नगर निगम में कुल 31 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि मतदान 23 फरवरी, 2026 को प्रातः 7 बजे से अपराह्न 5 बजे तक संपन्न होगा। सेक्टर 8 स्थित DAV पब्लिक स्कूल में डिस्पैच सेंटर बनाया गया है, जहाँ से मतदान कर्मियों को 22 फरवरी, 2026 को बूथ के लिए रवाना किया जाएगा। मतदान के बाद सभी बैलेट और सामग्री मतगणना केंद्र एवं बज्रगृह स्थल, कृषि बाजार समिति चास में जमा की जाएगी। मतगणना 27 फरवरी, 2026 प्रातः 8 बजे से शुरू होगी।मतदान बैलेट पेपर से किया जाएगा।निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। इसके अलावा किसी भी शिकायत या समस्या के समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *