सरकारी कर्मचारी प्रदीप गोस्वामी के घर एसीबी की छापेमारी,प्रमुख कागजात जब्त
रांची : भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को गिरिडीह जिले में सरकारी कर्मचारी प्रदीप गौस्वामी के घर छापेमारी की है. इस दौरान कुछ जरुरी दस्तावेज को जब्त किया गया है.जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई। प्रदीप गोस्वामी पर लंबे समय से आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगते रहे हैं, जिसके आधार पर एसीबी ने गुप्त जांच के बाद यह कदम उठाया।
एसीबी की टीम सुरक्षाबलों के साथ उनके घर पहुंची और चारों तरफ से घर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। घर के बाहर पुलिस जवानों को तैनात कर दिया गया, ताकि किसी भी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही रोकी जा सके। इस छापेमारी की कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके के पास जुट गए।
एसीबी ने तलाशी के दौरान कई अहम दस्तावेज, बैंक खातों से संबंधित कागजात, जायदाद के पेपर्स और कुछ नकदी जब्त की है। साथ ही घर में रखी कई महंगी वस्तुओं की सूची भी बनाई जा रही है। टीम द्वारा डिजिटल उपकरणों और मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है।
प्रदीप गोस्वामी झारखंड सरकार के एक विभाग में कार्यरत हैं और पिछले कुछ वर्षों से उनके खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही थीं। एसीबी की कार्रवाई को भ्रष्टाचार पर सख्त प्रहार माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।



