कहलगांव में भीषण सड़क दुर्घटना: दो की मौत, एक युवक गंभीर रूप से घायल
भागलपुर। जिले के कहलगांव प्रखंड स्थित निर्माणाधीन मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर मंगलवार को सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा लालू कित्ता गांव के समीप सुबह करीब 11:00 बजे हुआ। जब एक तेज रफ्तार हाईवा ने पीछे से एक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान रसलपुर थाना क्षेत्र के एकचारी पूरब टोला निवासी गंदो साह का पुत्र डब्लू साह (45) और सुगन साह का 19 वर्षीय पुत्र मोनू कुमार के रूप में की गई है। वहीं इस दुर्घटना में 22 वर्षीय युवक जगत कुमार घायल हो गया। जिसे अनुमंडल अस्पताल, कहलगांव में भर्ती कराया गया है।
घायल जगत कुमार ने बताया कि वे तीनों युवक बाइक से एकचारी से बाराहाट की ओर जा रहे थे। जैसे ही लालू कित्ता के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार से आ रही एक हाईवा ने उन्हें जबरदस्त ढंग से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डब्लू साह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मोनू कुमार और जगत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही 112 की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल, कहलगांव ले जाया गया। इलाज के दौरान मोनू कुमार ने भी दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने बताया कि मोनू के सिर और छाती में गहरी चोटें थीं। जिससे उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
डब्लू साह अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। वह परिवार के कमाऊ सदस्य थे, जिनकी अचानक मौत से पूरे घर में मातम पसर गया है। वहीं मृतक मोनू कुमार अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह पढ़ाई के साथ-साथ पिता का हाथ बंटाया करता था। उसकी मौत से परिजन बार बार अचेत हो रहे हैं। इधर कहलगांव पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है आगे की करवाई की जा रही है।



