उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक, राजकीय बिरसा महोत्सव की तैयारियों एवं विभिन्न विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा

खूंटी: उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। मौके पर उप विकास आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता एवं सभी अंचल अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वप्रथम आगामी 15 नवंबर को अड़की प्रखंड के उलिहातू में आयोजित होने वाले राजकीय बिरसा महोत्सव-2026 की तैयारियों पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को महोत्सव के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही उलिहातू क्षेत्र में चल रहे निर्माणाधीन एवं जीर्णोद्धार कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने को कहा, ताकि महोत्सव का आयोजन भव्य एवं सुव्यवस्थित तरीके से किया जा सके।
इसके पश्चात विभिन्न विभागों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने कल्याण, आपूर्ति, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, गव्य विकास, मत्स्य, भूमि संरक्षण, जिला नियोजनालय, नल-जल, जेएसएलपीएस, श्रम, सांख्यिकी, उत्पाद, स्वास्थ्य, नगर पंचायत एवं समाज कल्याण सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं, आपूर्ति विभाग को धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया की तैयारियों एवं संचालन को लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए विद्यालयों से योग्य विद्यार्थियों के आवेदन जनरेट कराने का निर्देश दिया गया, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे।
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बीज वितरण की जानकारी ली तथा किसानों के बीच समय पर बीज वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पात्र किसानों को बीज वितरण से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कराने पर जोर दिया। पशुपालन विभाग को पशु डायग्नोस्टिक लैब की स्थापना से संबंधित कार्यों में आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान मछुआरों के पंजीकरण हेतु सीएससी केंद्रों को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए।
भूमि संरक्षण विभाग के अंतर्गत तालाब जीर्णोद्धार, डीप बोरिंग, मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना सहित अन्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। श्रम विभाग की समीक्षा के क्रम में मेधावी पुत्र-पुत्री छात्रवृत्ति योजना के तहत मिलने वाले आर्थिक लाभ के संबंध में लोगों को जागरूक करने तथा पात्र लाभुकों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
जिला नियोजनालय को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में प्रत्येक माह में एक बार वोकेशनल ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया, जिससे छात्राओं को कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण का अवसर मिल सके। जेएसएलपीएस की समीक्षा के दौरान घरेलू हिंसा, मानव तस्करी, पॉक्सो एवं यौन शोषण जैसे संवेदनशील मामलों की जानकारी लेते हुए संबंधित विषयों पर जन-जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रोसेसिंग यूनिट के बेहतर संचालन को लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग को बच्चों की स्क्रीनिंग एवं ब्लड डोनेशन कैंप के आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, नगर पंचायत को बस स्टैंड खूँटी को व्यवस्थित करने तथा उसके सुचारू संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो तथा निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए कार्यों को समय पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *