खूँटी के बीरबांकी में लगा स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर

खूँटी: उपायुक्त मो० जावेद हुसैन के निर्देश पर सुदूरवर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से ‘स्वास्थ्य आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत बुधवार को अड़की प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बीरबांकी में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सिविल सर्जन, स्थानीय जन प्रतिनिधियों एवं चिकित्सकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को उनके क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों को चिकित्सा परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही दंत चिकित्सा, नेत्र चिकित्सा सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच, टीबी, मलेरिया, कुष्ठ, एनसीडी एवं सिकल सेल सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की गईं। जरूरतमंद लोगों के बीच आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया।ㅤ
शिविर में आभा कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने कहा कि ‘स्वास्थ्य आपके द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़े। जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर आमजनों को सुगम एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *