कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली ऐतिहासिक बनाने का दावा

रांची: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि देश में लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को प्रस्तावित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली को लेकर प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। जिलों में प्रभारी और वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं तथा आम लोगों से संवाद कर रहे हैं।
विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि जिन संवैधानिक संस्थाओं पर नागरिकों के मतदान अधिकार की रक्षा की जिम्मेदारी है, वही मताधिकार छीनने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कथित ‘वोट चोरी’ का मुद्दा देश के सामने रखा है। एसआईआर के जरिए मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप लगाते हुए यादव ने महाराष्ट्र के चुनावों में मतदाताओं की संख्या में अंतर का भी उल्लेख किया।
उन्होंने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव और चुनाव आयोग से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रैली के माध्यम से लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए देशव्यापी संदेश दिया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि रैली ऐतिहासिक होगी। संवाददाता सम्मेलन में मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सोनाल शांति, उज्जवल तिवारी, अख्तर अली और राजन वर्मा भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *