जन सुराज पार्टी के डिजिटल मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव बरामद

रांची: जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव झारखंड के मुरी इलाके में रेलवे ट्रैक के पास जंगल से बरामद हुआ है। गुप्ता जनशताब्दी एक्सप्रेस से रांची से पटना जा रहे थे और सफर के दौरान अचानक लापता हो गए थे। उनके साथ पार्टी के अन्य कार्यकर्ता और सहकर्मी भी यात्रा कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन के रांची से रवाना होने के कुछ देर बाद देवपालिक ने साथियों से खाने के लिए पैंट्री कार की ओर जाने की बात कही। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बावजूद उनका पता नहीं चल सका। ट्रेन के मुरी जंक्शन पहुंचने पर मामले की सूचना जीआरपी को दी गई। इसके बाद पुलिस और आरपीएफ ने उनकी तलाश शुरू की तथा स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
बाद में मुरी क्षेत्र के जरवाडीह गांव के पास रांची-मुरी रेल लाइन के किनारे उनका शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
देवपालिक गुप्ता दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) के पूर्व छात्र थे और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी की संचार टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी मौत की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस दुर्घटना समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *