पटना के बाद अब रांची में भी खुलेगी पाटलिपुत्र शूटिंग एकेडमी की शाखा
रांची: राजधानी रांची में खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में एक और पहल होने जा रही है। पटना के बाद अब रांची में भी पाटलिपुत्र शूटिंग एकेडमी की शाखा शुरू की जाएगी। एकेडमी का शुभारंभ आगामी एक नवंबर को होगा। उद्घाटन समारोह में पूर्व सांसद आनंद मोहन सहित झारखंड के कई प्रमुख नेता और खेल जगत से जुड़े लोग शामिल होंगे। यह जानकारी सोमवार को रांची के हरिओम रेसीडेंसी में आयोजित पत्रकार वार्ता में जेडीयू के विधायक एवं राष्ट्रीय स्तर के पूर्व शूटर चेतन आनंद ने दी।
चेतन आनंद ने कहा कि वह स्वयं राष्ट्रीय स्तर के शूटर रह चुके हैं और शूटिंग के क्षेत्र की बारीकियों से अच्छी तरह परिचित हैं। उनका उद्देश्य रांची और आसपास के क्षेत्र के बच्चों एवं युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि एकेडमी की रांची शाखा में अनुभवी और बेहतर प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, ताकि प्रतिभावान खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर से ही सही तकनीक और प्रशिक्षण मिल सके।
उन्होंने बताया कि एकेडमी के मुख्य कोच विभाषण गांगुली होंगे। वह भी राष्ट्रीय स्तर के शूटर रह चुके हैं और उनके अनुभव का लाभ यहां प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों को मिलेगा। चेतन आनंद ने कहा कि रांची में पहले से कई शूटिंग एकेडमी संचालित हैं, लेकिन पाटलिपुत्र शूटिंग एकेडमी की शाखा में खिलाड़ियों की जरूरत के अनुसार सभी आवश्यक शूटिंग सामग्री और सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रशिक्षण के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। एकेडमी का लक्ष्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।पत्रकार वार्ता के दौरान गौरव सिंह सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।


