सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु रांची के ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया गया व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान

रांची: परिवहन सचिव राजीव रंजन की उपस्थिति में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक व्यवहार विकसित करने के उद्देश्य रांची जिले के ग्रामीण क्षेत्रों यथा दलादली चौक, तिलता चौक एवं ओरमांझी सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया । अभियान के दौरान वाहन चालकों, दुकानदारों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन तथा यातायात के दौरान आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर परिवहन सचिव श्री राजीव रंजन ने माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन की सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता एवं संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा राज्य के नागरिकों के जीवन की रक्षा करना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। माननीय मुख्यमंत्री द्वारा नागरिकों के बीच Civic Sense (नागरिक चेतना) विकसित करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों को अपने दैनिक व्यवहार एवं जीवनशैली में अपनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने पर बल दिया गया है।
सचिव, परिवहन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा को केवल प्रशासन की जिम्मेदारी न समझें, बल्कि इसे अपना व्यक्तिगत एवं सामाजिक दायित्व मानें। हेलमेट पहनना, यातायात नियमों का पालन करना, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना, अवैध पार्किंग से बचना तथा सड़क को अतिक्रमणमुक्त रखना जैसे व्यवहारों को अपनी आदत में शामिल करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सड़क दुर्घटनाओं में किसी व्यक्ति की मृत्यु से उसके परिवार को होने वाली क्षति अपूरणीय होती है। विशेषकर परिवार के मुख्य सदस्य की मृत्यु होने पर परिवार को भावनात्मक आघात के साथ-साथ आजीविका एवं दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अतः सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक के जीवन, परिवार और समाज की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले लगभग 600–700 वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। वाहन चालकों को समझाया गया कि हेलमेट का उपयोग केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। सड़क दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट सिर में लगने वाली गंभीर चोटों तथा मृत्यु के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अभियान का उद्देश्य केवल नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है
वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने तथा अन्य आवश्यक यातायात सावधानियों को अपनाने की हिदायत दी गई। अभियान का उद्देश्य केवल नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।अभियान के दौरान नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति प्रेरित करने के लिए आत्मीय एवं जनसहभागितापूर्ण तरीके अपनाए गए। वाहन चालकों को माला पहनाकर तथा मुंह मीठा कराकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। साथ ही, निःशुल्क हेलमेट एवं सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई गई।

अभियान को जनसामान्य के लिए अधिक प्रभावी एवं रोचक बनाने के उद्देश्य से कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया।हेलमेट नहीं पहनने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा लापरवाही से वाहन चलाने के दुष्परिणामों को दर्शाया गया। नाटक में यमराज के पात्र के माध्यम से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को प्रतीकात्मक एवं रोचक तरीके से समझाया गया। इन प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अभियान के दौरान सड़क किनारे स्थित दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों को सड़क पर अनधिकृत रूप से सामान रखने, दुकानों का सामान सड़क तक फैलाने तथा बड़े वाहनों को अनियमित रूप से पार्क करने से होने वाली परेशानियों एवं दुर्घटनाओं के प्रति भी जागरूक किया गया। सभी से अनुरोध किया गया कि वे सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त रखें, वाहनों को निर्धारित एवं उपयुक्त स्थान पर ही पार्क करें तथा यातायात के सुचारु संचालन में सहयोग दें।
परिवहन विभाग द्वारा इस प्रकार के जागरूकता अभियानों को आगे भी निरंतर संचालित करने पर बल दिया गया, ताकि नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े, सकारात्मक व्यवहारगत परिवर्तन आए, अवैध पार्किंग एवं सड़क अतिक्रमण पर अंकुश लगे तथा रांची जिले सहित पूरे राज्य में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी, रांची श्री अखिलेश कुमार, मोटर वाहन निरीक्षक श्री राहुल सिद्धार्थ, आईटी असिस्टेंट सुश्री कविता कुमारी, सड़क सुरक्षा अभियंता श्री गौरव कुमार एवं श्री अभय कुमार, सड़क सुरक्षा मित्र श्री आशुतोष द्विवेदी तथा ट्रैफिक पुलिस के जवानों सहित परिवहन विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *