सड़क दुर्घटना में दो की मौत ,पसरा मातम
बोकारो: बोकारो जिला के कसमार प्रखंड के दुर्गापुर गांव के बूटीटांड़ टोला निवासी स्व परन महतो के 28 वर्षीय पुत्र कमलेश कुमार महतो की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी।हादसे में दूसरे बाइक चालक की भी जान चली गयी।दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने की टक्कर बुधवार की रात करीब 10:45 बजे गोला प्रखंड के मगनपुर के पास फोरलेन पर हुई।जानकारी के अनुसार, कमलेश कुमार महतो अपनी बाइक (जेएच 09 बीपी 3113) से चितरपुर प्रोजेक्ट में दुर्गा पूजा मेला देखने गया था।घर लौटने के दौरान मगनपुर के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गयी।हादसे में कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गया।स्थानीय पुलिस प्रशासन की मदद से उसे गोला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरे बाइक चालक की भी दुर्घटना में मौत हो गयी। वह पतरातू गांव का निवासी बताया गया है।कमलेश की शादी इसी वर्ष जून महीने में गोला प्रखंड के मुरुडीह बीसा गांव में हुई थी। वह सवारी गाड़ी चलाता था। कम उम्र में ही उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि गोला में कमलेश के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया जायेगा।
कमलेश के असामयिक निधन की खबर से दुर्गापुर गांव में शोक की लहर है।मुखिया अमरेश कुमार महतो, उपमुखिया पंचानन महतो और समाजसेवी संदीप कुमार महतो समेत अन्य लोगों ने घटना पर गहरा शोक जताया है।


