दुर्गोत्सव पर अरगोड़ा मैदान में डांडिया नाइट की धूम, भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु
रांची: नवरात्र के अवसर पर राजधानी रांची में भक्ति और उत्साह का माहौल है। शहर के विभिन्न इलाकों में कहीं माता के भजनों की गूंज सुनाई दे रही है, तो कहीं गरबा और डांडिया के जरिए श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं। इसी कड़ी में अरगोड़ा मैदान में डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। समाजसेवी मधुमिता और वीरेन साहू की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
डांडिया नाइट में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजकर उत्साह के साथ भाग लिया। भक्ति संगीत की धुन पर डांडिया करते प्रतिभागियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। पूरे मैदान में उत्साह, उमंग और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा की सुंदर झलक प्रस्तुत की गई।
समारोह का विशेष आकर्षण मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की प्रस्तुति और महिषासुर वध का प्रभावशाली मंचन रहा। इस प्रस्तुति के जरिए बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आयोजक मधुमिता ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और अनुशासन की भावना विकसित करने के साथ सामूहिक सहयोग को भी बढ़ावा देते हैं। वहीं, वीरेन साहू ने मां दुर्गा की आराधना को नारी शक्ति, साहस और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक बताया। कार्यक्रम ने नवरात्र के उत्सव को सांस्कृतिक रंगों और भक्ति भाव से सराबोर कर दिया।


