यूजीसी बिल के खिलाफ सवर्ण मोर्चा का लोकभवन मार्च, राज्यपाल को सौंपा आठ सूत्री ज्ञापन
रांची: केंद्र सरकार द्वारा लाए गए यूजीसी से संबंधित बिल के विरोध में अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा ने गुरुवार को रांची में विरोध मार्च निकाला। मोर्चा के अध्यक्ष राजेश सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से मौन जुलूस की शक्ल में लोकभवन पहुंचे। यहां राज्यपाल के नाम आठ सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। मार्च शुरू करने से पहले प्रदर्शनकारियों ने दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान राजेश सिंह ने कहा कि सवर्ण समाज ने हिंदुत्व और सबका साथ, सबका विकास के नारे पर भाजपा का समर्थन किया था, लेकिन अब सरकार सवर्ण समाज के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज के अधिकारों और हितों के लिए संगठन लगातार आंदोलन करता रहेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से यूजीसी बिल को तत्काल वापस लेने की मांग की। उनका आरोप है कि यह बिल समाज में विभाजन और जातीय तनाव को बढ़ावा देने वाला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर विचार नहीं किया तो 2029 के लोकसभा चुनाव में इसका राजनीतिक प्रभाव देखने को मिलेगा।
ज्ञापन में राष्ट्रीय सवर्ण आयोग के गठन, शिक्षण संस्थानों से यूजीसी एक्ट हटाने, एक परिवार को एक बार ही आरक्षण का लाभ देने, जातिगत आरक्षण के अलावा सभी वर्गों के लिए आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग की गई है। इसके अलावा झारखंड में बिहार की तर्ज पर सवर्ण आयोग गठित करने, गरीब एवं मेधावी सवर्ण छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजना शुरू करने, सवर्ण छात्रों के लिए छात्रावास बनाने तथा सरकारी योजनाओं में सभी वर्गों को समान हिस्सेदारी देने की मांग शामिल है।
प्रदर्शन में कमल ठाकुर, नीलम चौबे, मालती सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मोर्चा के द्वारा डीसी कार्यालय में भी ज्ञापन दिया गया।


