रांची पहुंचीं भारत और वेस्टइंडीज की टीमें,नौ को होगा मुकाबला,खेल प्रेमियों लगा जमावड़ा
रांची: भारत और वेस्टइंडीज की क्रिकेट टीमें नौ अक्तूबर को होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए बुधवार को रांची पहुंच गईं। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों टीमों के खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत हुआ। एयरपोर्ट पर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भारत और वेस्टइंडीज की टीमें अलग-अलग बसों में सवार होकर होटल के लिए रवाना हुईं। दोनों टीमों के राजधानी पहुंचने के साथ ही नौ अक्तूबर के टी-20 मैच को लेकर शहर में सरगर्मी काफी बढ़ गई है।
खिलाड़ियों के आगमन को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट परिसर तथा उसके आसपास सुरक्षा के बेहद पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एयरपोर्ट से टीम की बसों के निकलने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त रही। पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे। प्रशंसकों में खिलाड़ियों को देखने का जबरदस्त उत्साह दिखा। रांची पहुंचीं दोनों टीमों के खिलाड़ी इस महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगे और मैदान पर अपनी तैयारियों को परखेंगे।
इस अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले को लेकर स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों में काफी उत्साह बना हुआ है। मैच के दिन स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सुरक्षा के साथ-साथ शहर की यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त करने में लगे हैं। इस मुकाबले का टिकट 1,600 रुपये से शुरू हो रहा है। राजधानी के खेल प्रेमी स्टेडियम पहुंचकर भारत और वेस्टइंडीज के बीच एक रोमांचक और कड़े मुकाबले की उम्मीद जता रहे हैं।


