नाई समाज को लक्षित कर आपत्तिजनक भोजपुरी गीत,वीडियो प्रसारित करने के मामले में साइबर थाना में शिकायत
रांची:नाई समाज विकास समिति, रांची, झारखंड की केंद्रीय कमिटी ने नाई समाज एवं उसके पारंपरिक व्यवसाय “सैलून” को कथित रूप से आपत्तिजनक, अश्लील एवं अपमानजनक तरीके से प्रस्तुत करने वाले भोजपुरी गीत/वीडियो के सोशल मीडिया एवं विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए जाने के मामले में साइबर थाना, रांची में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
समिति के अनुसार “बाप चलावे सैलून, बेटी दिखावे बैलून” शीर्षक वाला गीत/वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित किया जा रहा है। समिति ने आरोप लगाया है कि उक्त सामग्री में नाई समाज और उसके पारंपरिक व्यवसाय को आपत्तिजनक एवं सामाजिक रूप से अपमानजनक संदर्भ में प्रस्तुत किया गया है, जिससे समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
समिति ने साइबर थाना से निम्नलिखित मांग की है—
वीडियो/गीत के मूल स्रोत, निर्माता, गायक, गीतकार, संगीतकार, अपलोडर एवं संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट/पेज की पहचान की जाए।
संबंधित आपत्तिजनक सामग्री को कानूनी प्रक्रिया के तहत तत्काल हटाने (Take Down) की कार्रवाई की जाए।
वीडियो को दोबारा प्रसारित करने वाले संबंधित अकाउंट/व्यक्तियों की पहचान कर जांच की जाए।
उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए, ताकि उनमें छेड़छाड़ न हो।
जांच में अपराध की पुष्टि होने पर भारतीय न्याय संहिता, 2023, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत उचित कार्रवाई की जाए।
नाई समाज विकास समिति ने कहा कि समाज अपने पारंपरिक व्यवसाय के माध्यम से लंबे समय से लोगों की सेवा करता आ रहा है। किसी भी समुदाय या उसके पारंपरिक व्यवसाय को अश्लील अथवा अपमानजनक रूप में प्रस्तुत करना सामाजिक सम्मान और गरिमा से जुड़ा गंभीर विषय है।
समिति ने प्रशासन से निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच की मांग करते हुए कहा कि डिजिटल माध्यमों पर आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार को रोकने तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
नाई समाज विकास समिति की केंद्रीय कमिटी के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों में राजेन्द्र प्रमाणिक, अध्यक्ष, दिनेश चन्द्र प्रमाणिक, महासचिव, उमाकांत गौतम, कोषाध्यक्ष, शिवशंकर हजाम, संरक्षक, बिरेंद्र प्रसाद, सुनील कुमार प्रमाणिक, बिरेंद्र प्रमाणिक, सुबोध प्रमाणिक, बिमल प्रमाणिक, हराधन प्रमाणिक, अमरेन्द्र गौतम, उमेश चन्द्र प्रमाणिक, गणेश प्रसाद, अजय ठाकुर, नवीन ठाकुर, रजनीकांत प्रमाणिक, सुशील शर्मा एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।


