मुरहू बाजार में गंदगी का अंबार, बदहाल सड़क से ग्रामीण परेशान; बीमारी फैलने का बढ़ा खतरा
खूंटी: मुरहू प्रखंड मुख्यालय स्थित मुख्य बाजार और पुराना डाकघर जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति इन दिनों बाजार की व्यवस्था की तस्वीर बयां कर रही है। दूर-दराज के ग्रामीणों के लिए मुरहू एक प्रमुख बाजार है, जहां लोग सप्ताह भर का राशन और अपनी जरूरत का सामान खरीदने पहुंचते हैं। लेकिन बाजार में जगह-जगह फैली गंदगी, कचरे का अंबार और सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों, दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मुरहू उप प्रमुख अरुण साबू ने बताया कि मुरहू बाजार की नीलामी जिला परिषद खूंटी द्वारा तीन वर्षों के लिए की गई है। इसके बावजूद बाजार में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लंबे समय से गंदगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के पास बाजार की सफाई कराने का अधिकार तो है, लेकिन इसके लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रखंड मुख्यालय के मुख्य बाजार में इस तरह की नारकीय स्थिति से सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां आने वाले ग्रामीणों, व्यापारियों, राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को किन परिस्थितियों से गुजरना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर कई बार जिला प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
उप प्रमुख अरुण साबू ने चिकित्सा प्रभारी से भी इस समस्या को गंभीरता से लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि गंदगी और कचरे के लंबे समय तक जमा रहने से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए समय रहते बाजार की साफ-सफाई और कचरा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।
वहीं जिला परिषद पश्चिमी क्षेत्र की सदस्य श्रीमती नेलानी देमता ने कहा कि बाजार की वर्तमान स्थिति से यहां आने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि गंदगी के कारण स्थानीय दुकानदारों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है, क्योंकि खराब वातावरण के कारण लोग बाजार के इस हिस्से में आने से कतराते हैं।
श्रीमती नेलानी देमता ने जिला प्रशासन से मांग की कि मुरहू बाजार की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कर नियमित साफ-सफाई, कचरा उठाव और सड़क की व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गंदगी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं और ग्रामीण क्षेत्र में बीमारी फैलने का खतरा पैदा हो सकता है।
मुख्य मांग: मुरहू बाजार में तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाकर जमा कचरे को हटाया जाए तथा नियमित कचरा उठाव और सफाई की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


