ईस्ट मार्केट रोड में चोरी की घटना पर चैम्बर ने लिया संज्ञान
रांची: रांची के ईस्ट मार्केट रोड, अपर बाजार में दो दुकानों में हुई चोरी की घटना पर फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने संज्ञान लेते हुए घटनास्थल का दौरा कर स्थिति की जानकारी ली। चैम्बर के सह सचिव अमित शर्मा एवं कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल ने घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावित व्यवसायियों से मुलाकात की तथा घटना की जानकारी ली। वहीं चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने भी व्यवसायी से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और कोतवाली थाना प्रभारी से भी बातचीत कर मामले का शीघ्र उद्भेदन करने तथा दोषियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि अपर बाजार राजधानी का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है और यहां व्यवसायियों की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। एक ही दिन दो दुकानों में चोरी की घटना चिंता का विषय है। ऐसी घटनाओं से व्यवसायियों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न होती है। पुलिस प्रशासन से आग्रह है कि मामले का त्वरित उद्भेदन करते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा अपर बाजार सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सुरक्षा एवं गश्ती व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए।


