TRENDING NOW

गणेश चतुर्थी पर मनाया गया विश्व तेली दिवस, सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर

रांची : गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को विश्व तेली दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में पूरे झारखंड से तेली समाज के प्रतिनिधि और अगुवा शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद सभी प्रेस क्लब पहुंचे, जहां सम्मेलन कक्ष में सभा का आयोजन किया गया। यहां कुलदेवी कर्मा माता, दानवीर भामाशाह, महात्मा गांधी और तेली समाज के कुलचिह्न कोल्हू पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
तेली समाज के प्रतिनिधि डॉ. रौशन कुमार साहू ने विश्व तेली दिवस के आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की मान्यता के अनुसार गणेश चतुर्थी का तेली समाज से विशेष संबंध है। उन्होंने जनगणना में ओबीसी का अलग कॉलम जोड़ने की मांग उठाई।
अजय शाह ने कहा कि झारखंड में तेली समाज की आबादी 18 से 22 प्रतिशत के बीच है, बावजूद इसके समाज राजनीतिक और सामाजिक रूप से अपेक्षित भागीदारी से वंचित है। महेश महतो ने परिसीमन का समर्थन करते हुए कहा कि सीटों की संख्या बढ़ने से सभी समाजों को समुचित प्रतिनिधित्व मिल सकेगा। हरिनाथ साहू ने राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी बढ़ाने के लिए पूरे राज्य के तेली समाज को एकजुट होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के लिए बेहतर कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया। मौके पर महेश महतो, अजय शाह, हरिनाथ साहू, डॉ. रौशन कुमार साहू, मदन साहू, राजकिशोर साहू, शत्रुघ्न साहू, संजय साहू, ललित साही, मीरा साहू, रामविलास साव, कुंज बिहारी साव, अशोक साव, विजय साहू, रेणु देवी सहित कई लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *